सोनिया-स्मृति के बीच आखिर क्या नोकझोंक हुई? जानिए, भाजपा-कांग्रेस के दावे

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन की अशोभनीय टिप्पणी के बाद से बवाल जारी है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लोकसभा में कांग्रेस पार्टी और सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला। कार्यवाही स्थगित होने के बाद सोनिया गांधी और स्मृति ईरानी के बीच नोकझोंक भी हुई

 

कांग्रेस के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर दिए बयान को लेकर जमकर विवाद हो रहा है. दरअसल, गुरुवार को सदन की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किया। उनके इस कथन के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। भाजपा सांसदों ने अधीर रंजन से माफी मांगने की मांग की। वहीं, भाजपा सांसद स्मृति ईरानी ने दावा किया कि सोनिया गांधी के कहने पर अधीर रंजन ने ऐसा कहा है। इसलिए सोनिया गांधी को माफी मांगनी चाहिए।

 

ऐसे हुई तकरार
सोनिया गांधी जब संसद परिसर में थीं तो भाजपा की महिला सांसदों ने उन्हें रोककर बात करनी शुरू की। सांसद रमा देवी ने सोनिया से कहा- आपके सांसद अधीर रंजन राष्ट्रपति के बारे में कैसे बयान दे रहे हैं। इस पर सोनिया ने कहा- अधीर रंजन ने माफी मांग ली है, लेकिन इस मामले में मेरा नाम क्यों लिया गया?

वहां मौजूद स्मृति ईरानी ने कहा- मैडम मैं आपकी मदद कर सकती हूं, मैंने आपका नाम लिया था। इस पर सोनिया ने कहा- डोंट टॉक टु मी। बस इसके बाद दोनों के बीच तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई। बहस बढ़ती देख सोनिया वहां से चली गईं। उनके जाने के बाद भाजपा की महिला सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

 

सीतारमण ने कहा कि संसद में कार्यवाही के दौरान इस तरह के कार्य किसी सांसद को शोभा नहीं देते। कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च नेता के अंदाज संसद में बेहद आक्रामक थे। कोई पछतावा होने के बजाय वे सदन में हमारे सांसद को धमकाने का काम कर रहीं थीं।

 

हालांकि, अधीर रंजन चौधरी ने माफी मांगते हुए कहा कि यह केवल जुबान फिसलने की वजह से हुआ है, जिसे भाजपा “एक तिल से पहाड़ बना रही है”. उन्होंने भाजपा पर महंगाई, अग्निपथ योजना, बेरोजगारी आदि पर अहम चर्चाओं से ध्यान हटाने का आरोप लगाया.