शिवसेना सांसद संजय राउत गिरफ्तार

शिवसेना नेता संजय राउत पर ईडी ने शिकंजा कस दिया है।महाराष्ट्र के पात्रा चॉल घोटाले में आरोपी शिवसेना सांसद संजय राउत की 11.30 बजे PMLA कोर्ट में पेशी होगी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में देर रात 12 बजे गिरफ्तार किया था। बुधवार को साढ़े छह घंटे की पूछताछ के बाद ED की ओर से यह एक्शन लिया गया। राउत रविवार को शाम 5.30 बजे ED दफ्तर पहुंचे थे।

संजय राउत ​की गिरफ्तारी में 4 किरदार अहम है। ये किरदार प्रवीण राउत, माधुरी राउत, सुजीत पाटकर और स्वप्ना पाटकर हैं।

राउत की गिरफ्तारी के बाद उनके भाई सुनील राउत ने कहा कि गलत तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हमें गिरफ्तारी के संबंध में कोई कागज नहीं दिया गया है। भाजपा संजय राउत से डरती है, इसलिए गिरफ्तारी करवाई गई है।

दरअसल एक हजार करोड़ के घोटाले की सबसे पहले जानकारी PMC बैंक घोटाले की जांच के दौरान सामने आई। उसके बाद बैंक मनी ट्रेल को खंगालते हुए ED यानी प्रवर्तन निदेशालय प्रवीण राउत, उनकी पत्नी माधुरी तक पहुंची। माधुरी के बैंक अकाउंट से संजय राउत की पत्नी के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किये गए थे। लेकिन संजय राउत को पूछताछ के लिए बुलाने से पहले ED की टीम लगातार कई दौर की पूछताछ के बाद  प्रवीण राउत को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब बारी माधुरी प्रवीण की पत्नी और संजय राउत की पत्नी की थी। इसी जांच के दौरान संजय राउत की पत्नी का भी बयान लिया गया। तब सुजीत पाटकर और स्वप्ना पाटकर का नाम सामने आया।

 

इनकी गिरफ्तारी पर अब भाजपा नेता राम कदम की प्रतिक्रिया आई है और उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यह “ईश्वरीय दंड ” है. भाजपा नेता राम कदम ने आज एक ट्वीट करते हुए लिखा, “उखाड़ दिया, बताये..  यह किसने, किसको कहा था?  इसलिये कहावत है. चिंगारी खेल बड़ा बुरा होता है. औरों के घरों में आग लगने का सपना, खुद के ही घर में खरा होता है. यह ईश्वरीय दंड है. नये बदले हुए भारत के क़ानून तथा सशक्त लोकतंत्र की ताक़त है”.

संजय राउत की गिरफ्तारी के विरोध में पुणे, पिंपरी चिंचवाड़, नागपुर और जलगांव में शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में कइयों को हिरासत में लिया गया है। उद्धव ठाकरे ने पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं की मातोश्री पर एक बैठक बुलाई है।

आरोप है कि रियल एस्टेट कारोबारी प्रवीण राउत ने पात्रा चॉल में रह रहे लोगों से धोखा किया। एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस भूखंड पर 3000 फ्लैट बनाने का काम मिला था। इनमें से 672 फ्लैट पहले से यहां रहने वालों को देने थे। शेष MHADA और उक्त कंपनी को दिए जाने थे, लेकिन साल 2011 में इस विशाल भूखंड के कुछ हिस्सों को दूसरे बिल्डरों को बेच दिया गया था।

PMC बैंक घोटाले की जांच में उजागर हुआ मामला
2020 में महाराष्ट्र में सामने आए PMC बैंक घोटाले की जांच हो रही थी, तभी प्रवीण राउत की कंस्ट्रक्शन कंपनी का नाम सामने आया था। तब पता चला कि बिल्डर की पत्नी के बैंक खाते से संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को 55 लाख रुपए का कर्ज दिया गया था। आरोप है कि संजय राउत ने इसी पैसों से दादर में एक फ्लैट खरीदा था।

बड़े अपडेट्स…

  • ED सूत्रों के मुताबिक राउत के घर से 11.5 लाख कैश मिले हैं। इस कैश का राउत हिसाब नहीं दे पाए, जिसके बाद ED ने उसे जब्त कर लिया।
  • संजय राउत के भाई सुनील ने बताया कि सोमवार सुबह 11.30 बजे उन्हें PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा। ED की टीम पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग कर सकती है।
  • राउत के खिलाफ मुंबई के वकोला पुलिस स्टेशन में कथित ऑडियो मामले में FIR दर्ज हुई। यह FIR पात्रा चॉल केस में गवाह स्वप्ना पाटेकर ने कराई है। ऑडियो में आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग किया गया था।