मध्य प्रदेश में दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत, 2 दिन में दूसरी घटना
सागर जिले में आज सुबह मंदिर की दीवार गिरने से आठ बच्चों की मौत हो गई
भोपाल:
मध्य प्रदेश के सागर जिले में आज सुबह दीवार गिरने की घटना में नौ बच्चों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह दुखद घटना शाहपुर में हरदौल बाबा मंदिर के पास हुई। घायल बच्चों को बचा लिया गया है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि बच्चे मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान के तहत शिवलिंग बना रहे थे, तभी मंदिर के बगल में एक घर की दीवार उनके ऊपर गिर गई। प्रशासन ने बताया कि यह घर करीब 50 साल पुराना है और भारी बारिश के कारण गिर गया।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। तस्वीरों में दीवार गिरने के बाद मलबे को हटाने के लिए अर्थमूवर को काम करते हुए दिखाया गया है। अब आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। जिला अधिकारियों ने बताया कि बच्चे 10-15 साल की उम्र के थे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि उन्हें इस घटना से बहुत दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि घायल लोग जल्द ही ठीक हो जाएंगे। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है। सरकार प्रत्येक परिवार को 4 लाख रुपए की सहायता देगी।”
यह घटना राज्य के रीवा जिले में दीवार गिरने की घटना के एक दिन बाद हुई है। दीवार गिरने के समय 5-7 साल के बच्चे स्कूल से लौट रहे थे। जिस घर की दीवार गिरी, उसके मालिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस साल राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 206 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 2,403 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।