चंद्रबाबू नायडू का शपथ ग्रहण समारोह थोड़ी देर में शुरू होगा; केंद्रीय मंत्री, फिल्मी सितारे होंगे शामिल – News18 Hindi
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। आंध्र के सीएम के रूप में यह नायडू का चौथा कार्यकाल होगा। आज सुबह 11.27 बजे राज्यपाल एस अब्दुल नजीर 74 वर्षीय नायडू को कृष्णा जिले के गन्नावरम हवाई अड्डे के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। जन सेना पार्टी (जेएसपी) के अध्यक्ष और अभिनेता पवन कल्याण, नायडू के बेटे और टीडीपी महासचिव नारा लोकेश, टीडीपी की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. अत्चन्नायडू और जन सेना पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंदला मनोहर उन 24 मंत्रियों में शामिल हैं जो चंद्रबाबू नायडू के साथ शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, अन्य केंद्रीय मंत्री, एनडीए सहयोगी दलों के नेता और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।